Monday, June 12, 2017

"दीवाली" के बारे में 17 रोचक तथ्य | 17 Interesting Facts about "Diwali" in Hindi


दीवाली के बारे में कई रोचक बातें हैं। उनमें से 17 रोचक बातें निम्नलिखित हैं:

 
1. दीवाली हिन्दुओं का प्रसिद्ध त्यौहार है। दीवाली को 'दीपावली' भी कहते हैं। 'दीपावली' का अर्थ होता है - 'दीपों की माला या कड़ी'।

2. दीवाली, 'प्रकाश का त्यौहार' (Festival of Light) है।

3. यह त्यौहार हिन्दू कैलेंडर के अनुसार कार्तिक माह की अमावस्या को मनाया जाता है।

4. दीवाली का त्यौहार मनाने का प्रमुख कारण है कि इस दिन भगवान् राम, अपनी पत्नी सीता एवं अपने भाई लक्ष्मण के साथ 14 वर्ष का वनवास बिताकर अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दिये जलाकर प्रकाशोत्सव मनाया था। इसी कारण इसे 'प्रकाश के त्यौहार' के रूप में मनाते हैं।

5. दीवाली का त्यौहार पांच दिनों के लिए मनाया जाता है। पहले दिन धनतेरस, दूसरे दिन छोटी दीवाली, तीसरे दिन लक्ष्मी पूजा, चौथे दिन गोवर्धन पूजा तथा पाँचवे दिन भैया दूज मनाया जाता है।

6. यह त्यौहार धन और समृद्धि की देवी लक्ष्मी के सम्मान में मनाया जाता है।

7. इस त्यौहार को लगभग 800 मिलियन लोग विभिन्न तरीकों से मनाते हैं।

8. दीवाली का त्यौहार, अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है।

9.
दीवाली का त्यौहार भारत के अलावा त्रिनिदाद और टोबैगो, म्यांमार, नेपाल, मॉरीशस, गुयाना, सिंगापुर, सूरीनाम, मलेशिया, श्रीलंका और फिजी में भी बड़ी धूम- धाम से मनाया जाता है।

10. भारत के पूर्वी क्षेत्र उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में हिन्दू लक्ष्मी की जगह काली की पूजा करते हैं, और इस
त्यौहार को काली पूजा कहते हैं।

11. पौराणिक कथाओ के अनुसार
दीवाली के दिन ही भगवान विष्णु ने नरसिंह रुप धारणकर हिरण्यकश्यप का वध किया था।

12. जैन मतावलंबियों के अनुसार चौबीसवें तीर्थंकर, महावीर स्वामी को इस दिन मोक्ष की प्राप्ति हुई थी।

13. सिक्खों के लिए भी दीवाली महत्त्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन अमृतसर में 1577 में स्वर्ण मन्दिर का शिलान्यास हुआ था। इसके अलावा 1619 में दीवाली के दिन सिक्खों के छठे गुरु हरगोबिन्द सिंह जी को जेल से रिहा किया गया था।

14. दीवाली में लगभग सभी घर एवं रास्ते दीपक एवं प्रकाश से रोशन किये जाते हैं।

15. दीवाली के दिन सभी लोग खुशी मनाते हैं एवं एक-दूसरे को बधाईयाँ देते हैं। बच्चे खिलौने एवं पटाखे खरीदते हैं। दुकानों एवं मकानों की सफाई की जाती है एवं रंग पुताई इत्यादि की जाती है।

16. रात्रि में लोग धन की देवी 'लक्ष्मी' की पूजा करते हैं। लक्ष्मी के साथ-साथ भक्त बाधाओं को दूर करने के प्रतीक गणेश; संगीत, साहित्य की प्रतीक सरस्वती; और धन प्रबंधक कुबेर को प्रसाद अर्पित करते हैं।

17. दीवाली का त्यौहार भारत में एक प्रमुख खरीदारी की अवधि का प्रतीक है। प्रत्येक वर्ष दीवाली के दौरान लगभग पांच हज़ार करोड़ रुपए के पटाखों आदि की खपत होती है।